Dashaharaडब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी में विजयादशमी पर्व का भव्य आयोजन
आकर्षक आतिशबाजी के नजारे से दर्शक हुए मोहित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन
रायपुर, 09 अक्टूबर 2008 - राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आज रायपुर के डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी में सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति द्वारा विजयादशमी पर्व का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर अत्यंत आकर्षक एवं मनमोहक मैदानी तथा आकाशीय आतिशबाजी के अद्भुत नजारे प्रस्तुत किए गए साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
रायपुर के इस ऐतिहासिक आयोजन में अपार जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सबसे पहले प्रदेश की जनता को विजयादशमी पर्व की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज का यह दिन विजय का, सत्य का, नीति का और धर्म का दिन है। यह पर्व देवगुणों की जीत का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इस क्षेत्र का घनिष्ठ संबंध रामायण और भगवान श्रीराम के साथ रहा है। उन्होंने नागरिकों से आव्हान किया कि वे भगवान श्रीराम की तरह मर्यादा कायम रखें, लक्ष्मण की तरह भाई बने और मां सीता की तरह नेक बने।
Dashahara
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के सभी नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने जय श्री राम की जयकारा लगाते हुए प्रदेश की नागरिकों का आव्हान किया कि उनके जय-जयकार की आवाज केवल रायपुर ही नहीं बल्कि बस्तर और सरगुजा तक भी पहुंचनी चाहिए। इस अवसर पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रमेश बैस ने नागरिकों को दशहरा पर्व की बधाई दी। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती विमला नरसिम्हन, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती वीणा सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक एवं संयोजक तथा लोक निर्माण राज्यमंत्री श्री राजेश मूणत, महापौर श्री सुनील सोनी, रेल्वे के प्रमुख अधिकारीगण तथा अनेक गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।
Dashahara
रायपुर की ऐतिहासिक दशहरा उत्सव के इस कार्यक्रम में दशानन, कुंभकर्ण और मेघनाथ के विशाल एवं विकराल पुतले का दहन अपार उत्साह के माहौल में किया गया। इस अवसर पर मुम्बई तथा पश्चिम बंगाल के खडगपुर से आए कलाकारों ने जमीन से लेकर आकाश तक अत्यंत भव्य और मनमोहक आतिशबाजी की अद्भुत छटा और नजारे बिखेरे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया और रामलीला मंडली के कलाकारों ने भी दर्शकों के समक्ष अपना प्रदर्शन किया।
Comments
Post new comment