सिरोंज, मध्यप्रदेश, जनसेवा ही उनका एक मात्र लक्ष्य और ध्येय है। वे मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्राण-प्रण से जुटे हैं। इस कार्य में सफलता के लिए सक्रिय जन सहयोग आवश्यक है। वो व्यक्ति हैं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान।
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सिरोंज में महामाई सेवा समिति द्वारा आयोजित उनके अभिनंदन कार्यक्रम में बोल रहे थे। जनसम्पर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकान्त शर्मा इस अवसर पर विशेष रुप से उपस्थित थे।
श्री चौहान ने कहा कि किसानों के हित में सरकार द्वारा कई फैसले कर उन्हें निष्ठा से लागू किया गया है। अब खेती फायदे का धंधा हो रहा है। लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अनेक योजनाएं महिलायें व कन्याओं के हित के लिए चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सूखे होठों पर मुस्कान लाने के लिए सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करें। एक दूसरे को इसकी जानकारी दें।
मुख्यमंत्री ने इसके पूर्व महामाई मंदिर (डांगवाली) में पहुंचकर पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री अपनी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह के साथ हवन में भी शामिल हुए। श्री चौहान ने इस मौके पर उपस्थित साधु-संतों का सम्मान भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री का महामाई मंदिर सेवा समिति द्वारा अभिनन्दन किया गया। जनसम्पर्क मंत्री श्री लक्ष्मीकान्त शर्मा ने अभिनन्दन पत्र का वाचन कर मुख्यमंत्री को भेंट किया। पुजारी श्री नलिनीकांत शर्मा ने मुख्यमंत्री को महामाई का चित्र व मूर्ति भी भेंट की।
इस अवसर पर विधायकद्वय श्री गुरूचरण सिंह और श्री श्यामलाल पंथी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री उमाकांत शर्मा, कापरेटिव बैंक अध्यक्ष श्री बाबूलाल ताम्रकार, प्रदेश जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह रघुवंशी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Comments
Post new comment