छत्तीसगढ़ राज्य में गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण

राज्यपाल राजधानी में और मुख्यमंत्री अम्बिकापुर में फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
विधानसभा अध्यक्ष दुर्ग और उपाध्यक्ष महासमुंद में करेंगे ध्वजारोहण
रायपुर 25 जनवरी 2008
छत्तीसगढ़ में गणतंत्र दिवस की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन कल 26 जनवरी को सवेरे 9 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे और पुलिस, छत्तीसगढ़ विशेष सशस्त्र बल होम गार्ड के जवानों तथा एन.सी.सी. और स्काऊट-गाइड्स संगठन के विद्यार्थियों की संयुक्त परेड की सलामी लेगे। वे इस अवसर पर प्रदेश की जनता के नाम अपना संदेश भी पढ़ेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय जिला मुख्यालय दुर्ग और विधानसभा उपाध्यक्ष श्री बद्रीधर दीवान जिला मुख्यालय महासमुंद में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और वहां आयोजित गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राजधानी सहित राज्य के सभी जिलों में गणतंत्र दिवस के मौके पर छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों द्वारा राष्ट्रीय भावनाओं से परिपूर्ण अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सरगुजा जिले के मुख्यालय अम्बिकापुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम अपने संदेश का वाचन करेंगे। विभिन्न जिला मुख्यालयों में आयोजित समारोह में मंत्रीगण और संसदीय सचिव मुख्य अतिथि होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए परिपत्र के अनुसार राजस्व, पर्यटन और संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल कांकेर (उत्तर बस्तर), स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अमर अग्रवाल बिलासपुर, पंचायत और ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अजय चन्द्राकर धमतरी, गृह, जेल और सहकारिता मंत्री श्री रामविचार नेताम जगदलपुर (बस्तर), आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गणेश राम भगत जशपुर, कृषि मंत्री श्री मेघाराम साहू जांजगीर-चाम्पा, जलसंसाधन और श्रम मंत्री श्री हेमचंद यादव कवर्धा (कबीरधाम), लोक निर्माण एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री राजेश मूणत राजनांदगांव, उच्च शिक्षा एवं जनशक्ति नियोजन राज्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी कोरबा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री श्री सत्यानंद राठिया रायगढ़, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री श्री केदार कश्यप दंतेवाड़ा (दक्षिण बस्तर) में ध्वजारोहण करेंगे। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण राज्य मंत्री सुश्री लता उसेंडी नवगठित जिला मुख्यालय नारायणपुर में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करेंगी। संसदीय सचिव श्री रामसेवक पैकरा जिला मुख्यालय बैकुंठपुर (कोरिया) और संसदीय सचिव डॉ. सुभाऊ कश्यप नवगठित जिला मुख्यालय बीजापुर में गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।

राज्य के पुलिस जिला मुख्यालय बलरामपुर (सरगुजा) में संसदीय सचिव श्री पूनम चन्द्राकर और सूरजपुर (सरगुजा) में संसदीय सचिव श्री छतराम देवांगन ध्वजारोहण करेंगे। संसदीय सचिव डॉ. त्रिविक्रम भोई और सर्वश्री संजीव शाह तथा देवलाल दुग्गा अपने-अपने जिलों में गणतंत्र दिवस के ध्वजारोहण समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.