प्राच्य संस्कृत परीक्षाओं के लिए छत्तीसगढ़ संस्कृत बोर्ड को अधिकृत किया गया

राज्य सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राच्य संस्कृत की प्रथमा (भाग एक एवं भाग दो), पूर्व मध्यमा एवं उत्तर मध्यमा की परीक्षाओं के लिए छत्तीसगढ़ संस्कृत बोर्ड को अधिकृत कर दिया है। यह जानकारी आज यहां बोर्ड के अध्यक्ष श्री चिन्तामणि सिंह महाराज ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2008-09 में संस्कृत विषय में उक्त इन श्रेणियों की परीक्षाएं छत्तीसगढ़ संस्कृत बोर्ड द्वारा आयोजित की जाएंगी। परीक्षा आयोजन की तारीख नजदीक होने के कारण इस वर्ष की परीक्षाएं पूर्व प्रक्रिया के अनुसार पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर द्वारा ली जाएंगी।

संस्कृत बोर्ड अध्यक्ष श्री चिन्तामणि सिंह महाराज ने यह भी बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कल 8 जनवरी को यहां मंत्रालय से इस आशय का आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन द्वारा प्रथमा (भाग एक एवं भाग दो) सहित पूर्व मध्यमा (हाईस्कूल स्तर) और उत्तर मध्यमा (हायर सेकेण्डरी स्तर) की परीक्षाएं छत्तीसगढ़ संस्कृत बोर्ड के माध्यम से आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह भी निर्णय लिया गया है कि महाविद्यालय स्तर की शास्त्री एवं आचार्य परीक्षाएं पहले की तरह पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित की जाए। आदेश में यह भी कहा गया है कि परीक्षा आयोजन की तारीख नजदीक होने के कारण इस वर्ष की परीक्षाएं पूर्व प्रक्रिया के अनुसार आयोजित की जाएं।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.