सप्रे शाला मैदान में आयोजित समारोह में गरीबों को मिलेंगे आवासीय पट्टे
कलेक्टर ने दिये सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के विस्तारित स्वरूप के तहत् गरीब परिवारों को तीन रूपये किलो में चावल और दीनदयाल ग्रामीण आवास योजना में गरीब परिवारों को आवासीय पट्टा वितरण का शुभारंभ 16 जनवरी को पूर्व केन्दीय मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज करेंगी। योजना का शुभारंभ स्थानीय सप्रे शाला मैदान में दोपहर एक बजे से होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अशोक बजाज की उपस्थिति में आज यहां कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री विकासशील ने मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना और दीनदयाल ग्रामीण आवास योजना के शुभारंभ के लिये अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिये ।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के विस्तारित स्वरूप के तहत् जिले में 16 जनवरी से गरीब परिवारों को तीन रूपये किलो चावल वितरण के लिये सभी आवश्यक तैयारियां 15 जनवरी तक पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने कहा कि योजना के सभी पात्र परिवारों को राशन कार्ड मिल जाए। सभी पीले और केशरिया रंग के राशन कार्डों पर तीन रूपये किलो में चावल की सील 14 एवं 15 जनवरी को उचित मूल्य दुकानों पर शिविर आयोजित कर अंकित कर लिया जाए। योजना के हितग्राहियों को 16 जनवरी से चावल वितरण कराया जाए। बैठक में स्थानीय सप्रे शाला मैदान में मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना और दीनदयाल ग्रामीण आवास योजना के हितग्राहियों को चावल और आवासीय पट्टा वितरण कराये जाने की जिम्मेदारी खाद्य नियंत्रक श्री जी0 एस0 सिकरवार और अपर कलेक्टर श्री महादेव कांवरे को जिम्मेदारी सौंपी गयी। शुभारंभ के दिन राजधानी के अन्नपूर्ण दाल-भात केन्दों में जरूरतमंदों को भोजन के लिये आवश्यक व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये गये।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता के जिले स्तर पर शुभारंभ के पश्चात विकासखंड स्तर पर भी समारोह आयोजित किया जाए। जनपद स्तर पर 17 जनवरी को समारोह पूर्वक गरीबों को चांवल वितरण का कार्य रखा जाए। इन आयोजनों में स्थानीय विधायकों एवं जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर भी सार्वजनिक आयोजन किया जाए। उन्हाेंने योजना के प्रचार प्रसार के लिये सभी उचित मूल्य दुकानों के साथ ही जनपद और तहसील कार्यालयों में मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के फ्लेक्स बैनर लगाने और सभी हितग्रहियों को मुख्यमंत्री की चिट्टी का वितरण कराते हुए सार्वजनिक आयोजनों में हितग्राहियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होंने दीनदयाल ग्रामीण आवास योजना के तहत आवासहीन परिवारों को पट््टा समय-सीमा में बना कर समारोह पूर्वक वितरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विकासखंड स्तर पर पट्टों के वितरण के शुभारंभ के बाद एक फरवरी से सात फरवरी के बीच पट्टों का वितरण कराया जाए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना से जिले में 16 जनवरी से 3 लाख 74 हजार परिवारों को लाभ मिलेगा। इसमें 2 लाख 39 हजार नये परिवार भी शामिल है। मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना का 16 जनवरी से हो रहे विस्तार के फलस्वरूप अब सभी वर्ग के गरीब परिवारों को तीन रूपये किलो के मान से 35 किलो चावल मिलेगा। इसी प्रकार जिले के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले साढे 14 हजार से अधिक आवास परिवारों को दीनदयाल ग्रामीण आवास योजना के तहत आबादी भूमि का पट््टा दिया जायेगा। इन आवासहीन गरीब परिवारों को 900 वर्ग फुट का पट्टा मिलेगा।
Comments
Post new comment