राज्य शासन द्वारा आगामी 26 जनवरी को राजधानी रायपुर सहित सम्पूर्ण प्रदेश में हर्सोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को दिशा निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
गणतंत्र दिवस पर राज्य के सभी महत्वपूर्ण शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। राजधानी रायपुर में पुलिस परेड ग्राउण्ड में मुख्य समारोह आयोजित होगा। महामहिम राज्यपाल श्री ई.एस.एल. नरसिम्हन परेड की सलामी लेंगे और उपस्थित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। समारोह में गत वर्ष की भांती परेड आयोजित की जाएगी। जिसमें सी.आर.पी.एफ., सी.आई.एस.एफ. जिला पुलिस बल, जेल बल, होमगार्ड, एन.सी.सी. (महिला एवं पुरूष की तीनों विंग) स्काउट, एस.टी.एफ. कमान्डो एवं एस.पी.ओ. की टुकड़िया होंगी। समारोह के दौरान विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की झांकियां निकाली जाएंगी। झांकियों के पीछे लोक नृत्यों के दल होंगे। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी तथा समारोह स्थल पर रंगबिरंगे गुब्बारे और कबूतर भी उड़ाए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन सभी जिला मुख्यालयों तथा तहसील, ब्लाक एवं ग्राम स्तर पर भी किया जाएगा। जिला मुख्यालयों में भी परेड होगी जिनमें सेना (जहां उपलब्ध हो), पुलिस, राष्ट्रीय कैडेट कोर, नगर सेना, जेल वार्डर आदि होगी। जिला मुख्यालयों में परेड की सलामी मंत्रीगण#राज्य शासन द्वारा निर्दिष्ट महानुभावों द्वारा ली जाएगी।
जनपद पंचायत मुख्यालयों पर अध्यक्षों द्वारा औपचारिक रूप से ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान किया जाएगा। ऐसी नगर पालिका एवं नगर पंचायत जिनका मुख्यालय ब्लॉक मुख्यालय पर नही है, वहां अध्यक्ष नगर पालिका एवं नगर पंचायत द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
इसी तरह ग्राम स्तर पर सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी में स्कूली बच्चे, ग्रामवासी, नगर सेना एवं सामान्यजन भाग ले सकेंगे। प्रभात फेरी का जुलूस गांव के केन्द्रीय स्थान पर इकट्ठा होगा, जहां ध्वजारोहण एवं संयुक्त रूप से राष्ट्रीय गान होगा। इस अवसर पर गणतंत्र दिवस संदेश पढ़ा जाएगा। समारोह सम्पन्न होने के पश्चात बच्चों को मिठाई वितरित करने, ग्रामीण खेल-कूद जैसे कब्ड्डी, कुश्ती व अन्य स्थानीय खेल तथा शाम को मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया है।
Comments
Post new comment