रायपुर, 18 जून 2008 - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज शाम अपने गृह नगर कवर्धा में आम जनता की सुविधा के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल द्वारा बिजली बिलों के संग्रहण के लिए स्थापित ए.टी.पी. मशीन का लोकार्पण किया। उन्होंने अपने स्थानीय निवास के विद्युत देयक की राशि जमा कर मशीन का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कवर्धा शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को अब बिजली बिल जमा करने के लिए कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बैंक से राशि आहरण करने के लिए जिस तरह ए.टी.एम. की सेवा ली जाती है, ठीक उसी तरह विद्युत बिलों की राशि ए.टी.पी. मशीन के माध्यम से आसानी से जमा की जा सकेगी। इससे लोगों के समय की बचत होगी। उपभोक्ताओं के लिए यह काफी सुविधाजनक होगा। डॉ. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत साढ़े चार वर्ष में सूचना प्रौद्योगिकी को आम जनता की सुविधाओं से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल द्वारा कवर्धा में ए.टी.पी. मशीन की स्थापना की गयी है। राज्य का यह 18वां ए.टी.पी. केन्द्र है। जिला मुख्यालय अंबिकापुर और बिलासपुर के नेहरू नगर एवं तोरवा सहित रायगढ़, कोरबा, भिलाई पावर हाऊस, सुपेला, दुर्ग, पद्नाभपुर, कोहका, रायपुर के गुढ़ियारी, शास्त्री चौक, बूढ़ापारा, लाखे नगर और नयापारा मोहल्ला तथा जगदलपुर और राजनांदगांव में ए.टी.पी. मशीनों की स्थापना के बाद आज से कवर्धा के नागरिकों को भी इसकी सुविधा मिलने लगेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रघुराज सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष श्री संतोष गुप्ता और कृषि उपज मंडी अध्यक्ष श्रीमती कुमारी साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रबुध्द नागरिक, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
Comments
Post new comment