रायपुर, 18 जून 2008 मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के आदिवासी बहुल बस्तर संभाग में नक्सलवादियों द्वारा किए जा रहे खून-खराबे की कड़ी निन्दा की है। डॉ. सिंह ने कहा है कि नक्सली आतंक, अपहरण, हिंसा और हत्या के बल पर अपने दिशाहीन विचारों को सही साबित करने की कोशिश करते हुए जनता और सुरक्षा बलो पर दबाव डालना चाहते हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश सफल नही होगी।
उनकी ऐसी हरकतों पर कठोरता से अंकुश लगाया जाएगा। लोकतंत्र और सभ्य समाज में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। डॉ. सिंह ने नक्सलियों द्वारा दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले में ग्राम मुरलीगुड़ा के पास आज दोपहर बोड़ा की पहाड़ियों पर और कल दोपहर उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के ग्राम गुमड़ीडीह और कोण्डे के बीच पुलिस बल पर घात लगाकर किए गए हमले की कड़ी निन्दा की है और इसमें शहीद जवान के परिवारजनों के प्रति संवेदना और सहानुभूति प्रकट की है।
डॉ. रमन सिंह ने उत्तर बस्तर जिले में ही पखान्जूर और दुर्गकोन्दल इलाके में नक्सलियों द्वारा कुछ व्यापारियों के अपहरण और उनमें से एक व्यापारी की हत्या और बीजापुर जिले के ग्राम कोटेर में शादी के मंडप में दूल्हा बने एक विशेष विशेष पुलिस अधिकारी (एस.पी.ओ.) की हत्या किए जाने की घटनाओं को भी गंभीरता से लिया है और इसकी कड़ी निन्दा करते हुए पीड़ितों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस को इन सभी घटनाओं के अपराधियों का जल्द पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
Comments
Post new comment