सार्वजनिक वितरण प्रणाली में जनभागीदारी कॉल सेन्टर का शुभारंभ

छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन दुकानों के काम-काज की निगरानी के लिए जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से कॉल सेन्टर की स्थापना की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कल 21 जनवरी को सवेरे 10.30 बजे यहां अपने निवास पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से संबंधित जनभागीदारी एवं कॉल सेन्टर व्यवस्था का शुभारंभ करेंगे। छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य राज्य मंत्री श्री सत्यानंद राठिया करेंगे। राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा, राज्य भण्डार गृह निगम के अध्यक्ष डॉ. सियाराम साहू और राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) अध्यक्ष श्री राधाकृष्ण गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। कॉल सेन्टर का नि:शुल्क टेलीफोन नम्बर 1800-233-3663 होगा। राशन वितरण व्यवस्था सहित गरीबों के लिए तीन रूपए किलो चावल वितरण से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करने या शिकायत अथवा सूचना दर्ज करवाने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क किया जा सकेगा।