हाथ धोकर मनाएंगे अन्तर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस

छत्तीसगढ़ के 52 हजार से अधिक प्रायमरी एवं मिडिल स्कूलों के लगभग 48 लाख बच्चे साबुन से हाथ धोकर विश्व हाथ धुलाई दिवस मनाएंगे। इस अवसर पर चरणबध्द तरीके से स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हाथ धुलाने का अभियान चलाया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रोत्साहन अभियान के तहत यूनीसेफ की सहायता से राज्य के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सर्व शिक्षा अभियान तथा मध्यान्ह भोजन योजना द्वारा संचालित किया जाएगा। यह जानकारी विश्व हाथ धुलाई दिवस के सफल आयोजन के लिए आज यहां आयोजित मीडिया वर्कशॉप में दी गई। इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री पी.सी. दलेई तथा स्कूल शिक्षा सचिव श्री नंदकुमार ने हाथ धुलाई अभियान के प्रचार के लिए तैयार किए गए पोस्टरों का विमोचन भी किया। उन्होंने क्रिकेट खिलाड़ी श्री सचिन तेन्दुलकर द्वारा अभिनीत प्रदर्शन फिल्म का भी विमोचन किया।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख सचिव श्री पी.सी. दलेई ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने राज्य के प्रत्येक स्कूल के एक-एक शिक्षक को समुचित प्रशिक्षण दिया गया है। स्कूलों में बाल मंडली का गठन भी किया गया है। इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावक शिक्षक संघ के माध्यम से अस्वच्छता के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव तथा साबुन से हाथ धोने की उपयोगिता के बारे में सभी बच्चों, पालकों एवं समुदाय को समझाईश दी जाएगी। उन्होंने बताया कि विश्व हाथ धुलाई दिवस का यह आयोजन दुनिया में पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस 2008 को पांच महाद्वीपों के 55 देशों में एक साथ किया जा रहा है। श्री दलेई ने कहा कि स्वच्छता, स्वास्थ्य और विकास एक-दूसरे के पर्याय हैं। स्वच्छ वातावरण में ही अच्छा स्वस्थ जन समुदाय निवास कर सकता है और स्वस्थ जन समुदाय से ही विकास की अवधारणा फलीभूत हो सकती है। बच्चे भविष्य के युवा है इसीलिए इस हाथ धुलाई अभियान में स्कूली बच्चों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि 80 प्रतिशत बीमारियां साफ पानी एवं स्वच्छता की कमी के कारण होती है और भारत में हर रोज लगभग एक हजार बच्चों की अतिसार से मौत हो जाती है। उन्होंने बताया कि साबुन से हाथ धोकर बीमारियों को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

स्कूल शिक्षा सचिव श्री नंदकुमार ने इस अवसर पर बताया कि विश्व हाथ धुलाई दिवस पर स्कूली बच्चों में साबुन से हाथ धोने की आदत का विकास करने के लिए साबुन से हाथ धोने के पांच चरणों का प्रदर्शन किया जाएगा और बच्चों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय को साबुन से हाथ धोने से होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। यह कार्यक्रम सुबह से लेकर शाम तक चलेगा। स्कूलों में गठित बाल मंडली द्वारा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर आधारित गीत, नृत्य एवं नाटकों का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। स्कूल के बच्चों और शिक्षकों द्वारा गांव में जुलूस निकालकर स्वच्छता के संबंध में जन-जागरूकता उत्पन्न की जाएगी। विश्व हाथ धुलाई दिवस पर सभी बच्चों, पालकों, शिक्षकों तथा समुदाय के सदस्यों को खुले में मल त्याग नहीं करने, मल त्याग के बाद और खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोने का संकल्प भी दिलवाया जाएगा। स्कूलों में बच्चों को खुले में मल त्याग न करने और भोजन के पहले तथा शौच के बाद अनिवार्य रूप से साबुन से हाथ धोने की शपथ भी दिलवायी जाएगी। श्री नंदकुमार ने बताया कि प्रदेश के स्कूलों में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए 48 हजार 539 स्वच्छ शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक इनमें से 32 हजार शौचालयों का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

इस अभियान के लिए भारत के लोकप्रिय क्रिकेट सितारे श्री सचिन तेन्दुलकर ने भी सितम्बर-अक्टूबर माह के दौरान पूरे देश में एक माह का प्रचार कार्यक्रम चलाया है। अभियान के तहत स्कूलों में उपयोग के लिए तैयार की जा रही सामग्री में विद्यार्थियों को दो पोस्टर, शपथ के साथ एक पर्चा तथा साबुन से सही तरीके से हाथ धोने के पांच चरणों पर 25 सेकेण्ड का एक गीत भी दिया जाएगा।

वर्कशॉप में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता श्री आर.एन. गुप्ता, मुख्य अभियंता श्री डी.एस. रन्धावा, यूनीसेफ के छत्तीसगढ़ प्रमुख श्री अखिलेश गौतम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा यूनीसेफ के अधिकारी उपस्थित थे।

Average rating
(0 votes)

Web Media The Revolutionary Media

Chhattisgarh News Web Media, the only Internet Video News from Chhattisgarh छत्तीसगढ़ न्‍यूज़ वेब मीडिया, छत्तीसगढ़ से इकलौता इंटरनेट वीडियो न्‍यूज़ Chhattisgarh, Internet and World News from Chhattisgarh India (Bharat) छत्‍तीसगढ़ भारत से प्रकाशित छत्‍तीसगढ़, इंटरनेट एवं विश्‍व समाचार