राष्ट्रीय बागवानी मिशन के लिये 325 करोड़ की कार्ययोजना

रायपुर, 21 अप्रैल 2008 राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य शासन के प्रयासों से वर्ष 2007-08 में चार नये जिलों रायपुर, कोरिया जशपुर और राजनांदगांव को बागवानी मिशन कार्यक्रम में शामिल किया गया है। योजना के प्रथम चरण में वर्ष 2005-06 में राज्य के सात जिलों कबीरधाम (कवर्धा), दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, सरगुजा और जगदलपुर को शामिल किया गया था। राष्ट्रीय बागवानी मिशन में राज्य के चयनित सभी 11 जिलों में उद्यानिकी विकास से संबंधित सभी आवश्यक आदान सामग्रियों की पूर्ति की जा रही है। मिशन के अन्तर्गत स्वीकृत तीन सौ चौबीस करोड़ 80 लाख 56 हजार रूपये की कार्ययोजना में से राज्य को 120 करोड़ 67 लाख 74 हजार की राशि केन्द्र से प्राप्त हुई है। जिसमें से 76 करोड़ 98 लाख 54 हजार रूपए विकास कार्यों में खर्च किए गए।

राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत उद्यानिकी फसलों के विकास के लिए इस वर्ष 4 नये मॉडल रोपणियां स्थापित की जाएगी। पूर्व में 25 मॉडल रोपणियां संचालित की जा रही है। इन मॉडल रोपणियों से क्षेत्र में उन्नत पौधों का उत्पादन एवं वितरण किया जाएगा। बागवानी मिशन के द्वारा राज्य में इस वर्ष 16 हजार पांच हेक्टेयर में फल, एक हजार तीन सौ हेक्टेयर में पुष्प, 13 हजार 25 हेक्टेयर में मसाला, दो हजार 975 हेक्टेयर में औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती तथा 225 हेक्टेयर क्षेत्र में फल एवं सब्जी प्रसंस्करण इकाई की स्थापना की जाएगी। उद्यानिकी फसलों के विकास के लिए एक हजार 320 नलकूप भी स्थापित किए जाएंगे।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.