जयपुर, उद्योग मंत्री डा दिगम्बर सिंह ने कहा है कि जिस प्रकार भरतपुर जिले में चिकित्सा तंत्र के सुदृढीकरण एवं विस्तार का कार्य पिछले चार वर्षो के दौरान किया गया उसी तर्ज पर आगामी एक वर्ष में औद्योगिक वातावरण तैयार करने का ठोस प्रयास किया जायेगा जिससे नये उद्योगों का सूत्रापात हो और जिले के युवा वर्ग को रोजगार मिल सके।
डॉ सिंह शनिवार को भरतपुर जिले के नगर कस्बे में नगर पालिका द्वारा आठ दिवसीय श्री रथ यात्रा एवं पशु मेले का शुभारम्भ करने के बाद आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि जुरहरा, कामां, नगर क्षेत्रा दिल्ली के नजदीक होने के कारण इनमें औद्योगिक विकास की अधिक संभावनाएं हैं जिसके लिए आधारभूत संरचनाएं तैयार करने की दिशा में कार्य किया जायेगा जिससे नये उद्योग स्थापित हों और क्षेत्रों के लोगों को रोजगार मिल सके।
वर्षाजल संरक्षण की महत्वता पर उद्योग मंत्री ने कहा कि हमें ऐसी पद्धतियां अपनानी होगी जिससे वर्षाजल संरक्षित हो और कृषि में भी कम पानी में अधिक उपज ली जा सके। उन्होंने फव्वारा एवं बूंद बूंद पानी पद्धति अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इन पद्धतियों से सिंचाई के पानी की बचत तो होती है साथ ही उत्पादन भी बढता है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका को आय वृद्धि की दिशा में कार्य करना होगा जिसमें सरकार द्वारा पूरा सहयोग दिया जायेगा।
उन्होंने नगर खेडली मार्ग एवं भरतपुर-अलवर मार्ग पर शीघ्र कार्य प्रारम्भ कराने का विश्वास भी दिलाया। उन्होंने कहा कि जिले में पेयजल एवं सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने हेतु गुडगांवा कैनाल से पानी लाने के उच्च स्तरीय प्रयास जारी है और आशा है कि प्रयास शीघ्र सफल होंगे।
उद्योग मंत्री ने बताया कि आगामी वर्ष के अक्टूबर, माह तक चम्बल का पानी जिले के निवासियो को मिलने लग जायेगा जिससे खारे पानी एवं पेयजल समस्या का स्थाई समाधान हो सकेगा। उन्होंने नगर कस्बे के मेले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मेले एकता एवं सद्भाव के प्रतीक रहे हैं जिनसे आम आदमी अपनी दैनिक उपभोग की वस्तुएं खरीदता है।
कार्यक्रम में डाग़ोविन्द शर्मा ने क्षेत्रा में पेयजल एवं सिंचाई के पानी की समस्या की जानकारी देते हुए कहा कि इस दिशा में अधिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने नगर पालिका में दमकल वाहन उपलब्ध कराने व कस्बे के चिकित्सालय को रैफेरल चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की आवश्यकता भी प्रतिपादित की।
इसके बाद उद्योग मंत्री ने कृषि उपज मण्डी नगर में आयोजित समारोह में किसान जीवन कल्याण योजना के तहत कृषि कार्य करते हुए दुर्घटना में शरीर के अंग कट जाने पर 7 कृषकों को 51 हजार 500 रुपये राशि के चैक भी वितरित किये।
Comments
Post new comment