राजस्थान के यातायात मंत्री श्री युनूस खान ने मंगलवार 15.04.2008 को कोटा जिले की पंचायत समिति सांगोद के कुन्दनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री सर्वजन सम्बल महा अभियान के अन्तर्गत ग्रामीणों से रूबरू के पश्चात अनिता बाई, रणक बाई, सावित्री बाई, उमा बाई एवं कमलेश बाई को इंदिरा आवास योजना के अंतर्गत 25-25 हजार रूपये राशि के स्वीकृति पत्रा सौंपे। इसके साथ ही काली बाई एवं नन्द कंवर बैरवा को जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत 500-500 रूपये की पूर्व प्रसव सहायता भी सौंपी। इसके साथ ही नवनियुक्त रोजगार सहायकों को भी बैज प्रदान किये।
इसी प्रकार लाडपुरा पंचायत समिति के गंदीफली आयोजित मुख्यमंत्री सर्वजन सम्बल महा अभियान के अंतर्गत प्रभारी मंत्री श्री युनूस खान एवं संसदीय सचिव श्री भवानी सिंह राजावत ने ग्राम पंचायत जाखोडा की बद्री बाई एवं बहादुर अली, ग्राम पंचायत बनियानी की ननका, रामरतन, रमेश माली एवं भीमराज, भीमपुरा ग्राम पंचायत की मनभर बाई, श्रीमती जसोदा, श्रीमती चन्द्रकला एवं श्रीमती शांति बाई, ग्राम पंचायत मवासा के देव लाल एवं गंदीफली की श्रीमती घींसी बाई एवं श्रीमती मंजू बाई को इंदिरा आवास योजना के तहत मकान बनाने हेतु स्वीकृति पत्रा भी प्रदान किये। इसी प्रकार रोजगार सहायक हेतु सुनीता कुमारी, रणजीत, संजय, भीमराज, चन्द्रप्रकाश एवं उमा नागर को बैज सौंपे।
शिविर में यातायात मंत्री ने श्रीमती बद्री बाई जो चलने फिरने में लाचार थी और उसका कैथून से आते वक्त एक गड्डे में गिर जाने से चोट आने के कारण इंदिरा आवास हेतु जब उसका नाम पुकारा तो उससे खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा था। इसे देखते हुए प्रभारी मंत्री के मन में दया का भाव उमड़ा और वे मंच से नीचे उतरकर बद्री बाई के पास पाण्डाल में आये और उसे 25 हजार रूपये की राशि का स्वीकृति पत्रा सौंपा और उससे पूछा कि उसके पैर में कैसे चोट लगी जिस पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बुलवाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु कहा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उसका ईलाज निशुल्क करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत मंजू बाई को प्रसव पूर्व 500 रूपये की सहायता का चैक भी सौंपा गया।
460 लाख के कार्य स्वीकृत
गंदीफली शिविर में मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री श्री युनूस खान तथा अध्यक्ष संसदीय सचिव श्री भवानी सिंह राजावत ने नरेगा योजना में 6 ग्राम पंचायतों में स्वीकृत 460.54 लाख रूपये के कार्यों की सूची संबंधित सरपंचों को सौंपी। ग्राम पंचायत बनियानी के लिए 68.78 लाख, मवासा के लिए 27.74 लाख, जाखोडा के लिए 111 लाख, अरण्डखेडा के लिए 124.85 लाख, गंदीफली के लिए 73 लाख तथा भीमपुरा के लिए 55.17 लाख रूपये के कार्य स्वीकृत किये गये हैं।
प्रभारी मंत्री और संसदीय सचिव ने सुनी समस्याएं, निराकरण के दिये निर्देश
परिवहन मंत्री श्री युनूस खान ने मुख्यमंत्री सर्वजन सम्बल महा अभियान के तहत ग्राम पंचायत कुन्दनपुर में आयोजित शिविर में स्वंय खडे होकर ग्रामीणों से रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने अतरालिया में सड़क नहीं बनने की समस्या, हैण्डपम्प ठीक नहीं होने, बी.पी.एल.परिवार में चयन नहीं होने की समस्या, बिजली की समस्या सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये। हैण्डपम्प खराब होने के संबंध में उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिये कि इस अभियान के तहत कोई भी हैण्डपम्प खराब नहीं रहे यह सुनिश्चित किया जावे। वे जब पुन: यहां के दौरे पर आयेंगे तो उन्हें इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिले।
गंदीफली शिविर में संसदीय सचिव श्री राजावत ने विकलांगों एवं विधवाओं की समस्याओं को प्रमुख रूप से सुना और उन्हें विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। गंदीफली में कक्षा 6 में पढने वाली बालिका अनिता जो दोनों पैरों से पोलियो के कारण पीडित है को विकलांग प्रमाण पत्रा जारी करने, इसी गांव की दोनों पैरों से चलने फिरने से लाचार लाड बाई को प्रमाण पत्रा के साथ साथ पेंशन एवं बीपीएल कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। उन्होंने गंदीफली के ही जगमोहन, पप्पू लाल, भोजराज तीनों विकलांगों को तिपहिया साईकिल देने तथा विश्वास योजना में आवेदन तैयार करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार धाकडखेडी के विकलांग जुगल किशोर को किराने की दुकान के लिए विश्वास योजना में लाभान्वित करने के निर्देश दिये। उन्होंने विकलांगों को आश्वस्त किया कि विश्वास योजना में ऋण स्वीकृत करने में आने वाली समस्या का निराकरण्ा शीघ्र किया जायेगा।
उन्होंने शिविर में पहुंची विधवा मंजू के लड़के व लड़की को पालनहार योजना में आवेदन कराने के निर्देश दिये तो ग्रामसेवक ने बताया कि इसका आवेदन तैयार किया गया है परन्तु विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा प्रमाणित नहीं किया गया है। श्री राजावत ने मौके पर ही प्रधानाध्यापक से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके सामने यह प्रकरण नहीं लाया गया है। राजावत ने उसे अविलम्ब इस प्रकरण को प्रमाणित कर समाज कल्याण विभाग को भिजवाकर लाभान्वित करने के निर्देश प्रदान किये।
बदला-बदला सा नजर आता है कैथून
परिवहन मंत्री श्री युनूस खान ने आज गंदीफली में आयोजित मुख्यमंत्री सर्वजन सम्बल महा अभियान शिविर में संसदीय सचिव श्री भवानी सिंह राजावत की क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पण, सक्रियता और जुझारूपन की भूरि-भूरि सराहना की। परिवहन मंत्री ने कहा आज कुन्दनपुर जाते समय कब कैथून कस्बा निकल गया पता ही नहीं चला। जहां पहले कैथून कस्बे की जर्जर सडक से गुजरने में आधा घंटा लग जाता था अब राजावत के ही प्रयास हैं कि सी.सी.रोड से गुजरे तो यह रास्ता मात्रा 5 मिनट में ही पार हो गया।
उन्होंने कहा कि जिस समर्पण भाव से श्री राजावत ने लाडपुरा विधान सभा क्षेत्र में विकास के कीर्तिमान स्थापित किये हैं उससे किसी को भीर ईर्ष्या हो सकती है। श्री राजावत को उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए चिंतित और सक्रिय पाया। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा चल रही होती है तब भी राजावत अपने क्षेत्र के विकास के लिए सभी मंत्रियों के उपस्थित होने का पूरा लाभ उठाते हैं और विधान सभा के गलियारों में भी अपने क्षेत्र के विकास के लिए चिंतित नजर आते हैं। कोटा जिले का प्रभारी मंत्री होने के नाते मुझे भी जब वे विकास के किसी कार्य के लिए कहते हैं तो मुझे बड़ी खुशी होती है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता इस बात के लिए खुशनसीब है कि उन्हें राजावत जैसा सक्रिय और समर्पित जनप्रतिनिधि मिला।
Comments
Post new comment