मीडिया लोक कल्याण और विकास के लिये सकारात्मक माहौल बनाता है

मध्‍यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रेस क्लब के द्वितीय चरण के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस चरण में आई.एन.एस. दिल्ली की तर्ज पर 18 कक्ष बनाने की योजना है। इसी प्रकार भरोसा न्यास द्वारा प्रेस क्लब के पुराने सभाकक्ष में कलावीथिका विकसित की जा रही है। कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर डॉ.उमाशशि शर्मा, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधु वर्मा और विधायक श्री महेन्द्र हार्डिया विशेष रूप से उपस्थित थे।

मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुये श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा, मीडिया सकारात्मक माहौल बनाता है जो लोक कल्याण और विकास के लिये आवश्यक है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आगे कहा कि प्रदेश में गरीबों की भलाई और विकास के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने में सभी वर्गों का सहयोग लिया जाएगा। विकास के कार्यक्रम और नीतियां बनाने में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, यही सही अर्थो में प्रजातंत्र है। समाज के हर वर्ग की समस्या को अंतरमन से समझने और उसका समाधान करने की कोशिश जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर प्रेस क्लब ने अपने कार्यों से समाज में विशिष्ट स्थान बनाया है। टीम भावना से कार्य किया जाए तो दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब भवन के द्वितीय चरण के लिये 20-20 लाख रूपये नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा और 10 लाख रूपये राज्य शासन से उपलब्ध कराये जायेंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि आवश्यकता पड़ने पर राज्य शासन द्वारा और भी राशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री विजयवर्गीय ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रेस क्लब भविष्य में भी इस तरह के कार्य करता रहेगा। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने कहा कि इंदौर की प्रेस जनता के दर्द को समझती है तथा समय समय पर शासन तक पहुंचाती है। विकास के मामले में प्रेस हमेशा सहयोग देती है। इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधु वर्मा ने कहा कि समय सीमा में कार्य पूरा करने की कोशिश की जाए। प्राधिकरण द्वारा हर संभव मदद की जाएगी।

नईदुनिया के प्रधान संपादक श्री अभय छजलानी ने कहा कि समाचार पत्र एक साथ रहें और विकास करें। उन्होंने मुम्बई, गांधी नगर, रायपुर, लखनऊ में प्रेस क्लब भवन के लिये राज्य सरकारों द्वारा दिये गये सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज मीडिया के सामने कई चुनौतियां हैं, इनका मुकाबला साथ रह कर किया जा सकता है। इंदौर कला और संगीत के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। इन क्षेत्रों से जुड़ी संस्थाओं में सुधार की पहल की जाए।

कार्यक्रम में भरोसा न्यास की पंखुड़ी मिश्रा ने न्यास की गतिविधियों की जानकारी दी। आरंभ में प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री प्रवीण खारीवाल ने स्वागत भाषण देते हुए प्रेस की गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम में भरोसा न्यास के प्रमुख श्री शरद डोसी और प्रेस क्लब में समय सीमा से पूर्व निर्माण कार्य पूर्ण करने वाले इंजीनियर श्री अरूण तिवारी का सम्मान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया। कार्यक्रम में चौथा संसार के प्रबंध संपादक श्री सुरेन्द्र संघवी, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष सर्वश्री ओमी खण्डेलवाल, सतीश जोशी, शशीन्द्र जलधारी, जीवन साहू सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित थे। कार्यक्रम संचालन श्री मनोहर लिम्बोदिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रेस क्लब के महासचिव श्री अन्ना दुराई ने किया।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.