राजस्थान जयपुर, कोटा जिले के प्रभारी परिवहन मंत्री श्री युनूस खान ने कहा है कि लोकतंत्र में गरीबों को कोई पूछने वाला है तो वह है वसुंधरा का शासन और प्रशासन। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के प्रभारी संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने कहा कि मुख्यमंत्री का संकल्प है कि कोई भी शोषित, पीडित और लाचार सरकारी योजना के सम्बल से वंचित नहीं रहे। परिवहन मंत्री एवं संसदीय सचिव मंगलवार को कोटा जिले की पंचायत समिति लाडपुरा की ग्राम पंचायत मुख्यालय गंदीफली पर आयोजित मुख्यमंत्री सर्वजन सम्बल महा अभियान तथा राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के शिविर में संबोधित कर रहे थे। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री ने कहा कि सर्वजन सम्बल महा अभियान के माध्यम से सभी मंत्री और विधायक शिविरों में पहुंचकर पिछले चार वर्षों में किये गये विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ-साथ गरीब एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए किये गये प्रयासों की जानकारी दे रहे थे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि हम सभी मंत्रीगण सरकार के कान, नाक व आंख की तरह हैं जिनसे मुख्यमंत्री को जनता की समस्याएं व दुख दर्द की जानकारी होती है और वे उन्हें दूर करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले चार वर्षों में जहां विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किये हैं वहीं एक दृष्टिकोण के साथ प्रयास किया है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के गरीब की झौंपडी तक पहुंचे।
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रयास है कि राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में भी राजस्थान देश में पहले स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस सपने को पूरा करने के लिए आवश्यक है कि इस योजना को कोटा जिले में भी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ लागू किया जाये। इसी संदर्भ में उन्होंने आज पंचायत समिति सांगोद की ग्राम पंचायत कुन्दनपुर में आयोजित शिविर में कहा कि इस योजना में कार्यों की कोई सीमा नहीं है और साल के 365 दिन में 100 दिन रोजगार सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने पंच-सरपंचों से कहा कि अपने अपने क्षेत्रों में इस योजना का जरूरतमंदों को काम दिलाकर अधिक से अधिक लाभ दिलायें।
गंदीफली शिविर में अध्यक्षता करते हुए संसदीय सचिव श्री भवानी सिंह राजावत ने कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के प्रयासों से ही ग्रामीण क्षेत्र जो बरसों से उपेक्षित थे और विकास को तरस रहे थे आज हर क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। मुख्यमंत्री ने जहां सार्वजनिक विकास कराते हुए राजस्थान को आगे बढ़ाया वहीं दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के निराकरण के लिए चार वर्षों में विभिन्न प्रकार के जन समस्या समाधान शिविर आयोजित किये।
संसदीय सचिव श्री राजावत ने कहा कि रोजगार गारंटी योजना से जहां गांवों के लोगों को रोजगार मिलेगा वहीं गांव की तस्वीर भी बदलेगी। उन्होंने कहा कि जब यह योजना राजस्थान में कुछ ही जिलों में लागू की गई थी तो इसकी सफल क्रियान्विती के लिए मुख्यमंत्री की कार्यशैली की प्रशंसा केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्राी ने सार्वजनिक रूप से की। उन्होंने कहा कि यह योजना अब जबकि पूरे राज्य में लागू हो गई है निश्चित रूप से जनभागीदारी से सफल होगी और देश में इस योजना की क्रियान्विती में राजस्थान पहले स्थान पर रहेगा। उन्होंने इस योजना में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार दिलाने के लिए उनके जोब कार्ड बनवाने पर बल दिया।
संसदीय सचिव श्री राजावत ने लाडपुरा क्षेत्रा में कराये गये सिंचाई, पेयजल, बिजली सुधार, शिक्षा, चिकित्सा, सडक निर्माण आदि कार्यों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि मवासा की पेयजल योजना भी स्वीकृत हो गई है। उन्होंने कहा कि नरेगा योजना में भी बालापुरा लिफ्ट योजना के काश्तकारों के खेतों पर धोरे बनाने का कार्य हाथ में लिया गया है।
कुन्दनपुर एवं गंदीफली शिविरों में संबोधित करते हुए जिला प्रमुख श्रीमती कमला मीणा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार द्वारा किये गये विकास का ही परिणाम है कि आज गांव-गांव में पक्की सी.सी.रोड बन रही है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में कमरों की कमी को पूरा कर दिया गया है और आज कोई भी अतिरिक्त कक्षा कक्ष की मांग के लिए जिला परिषद में नहीं आता है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि व संबंधित अधिकारियो ने अपनी प्रगति रिपोर्ट पर प्रकाश डाला।
Comments
Post new comment