छत्‍तीसगढ़ सुपर फास्‍ट ग्राम सम्पर्क और जनसम्पर्क अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस महीने की 21 तारीख से शुरू होने वाले दस दिवसीय ग्राम सुराज अभियान के प्रारंभ होने के पहले अपने नियमित ग्राम सम्पर्क और जनसम्पर्क अभियान को और भी अधिक तेज करते हुए पिछले करीब दो सप्ताह में राज्य के नौ जिलों के 18 गांवों और शहरों का सघन दौरा किया और विभिन्न कार्यक्रमों में जनता को लगभग 606 करोड़ 57 लाख रूपए के विकास और निर्माण कार्यों के सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने जहां इनमें से अनेक नवनिर्मित कार्यों का लोकार्पण किया वहीं अनेक नये कार्यों का भूमिपूजन कर उनका शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री के नियमित और लगातार सघन जनसम्पर्क दौरों के फलस्वरूप राज्य में विकास और विश्वास का एक नया वातावरण देखा जा रहा है। डॉ. सिंह ने पिछले दो सप्ताह के भीतर दस जिलों के अठारह गांवों और शहरों का दौरा किया।

उन्होंने आज अष्टमी के दिन महासमुंद जिले के ग्राम बिरकोनी का दौरा किया और वहां के चण्डी मंदिर में पूजा-अर्चना में शामिल होकर ग्रामीणों के अनुरोध पर तालाब निर्माण, सार्वजनिक पेयजल सुविधा और बेलसोण्डा-बिरकोनी सड़क निर्माण के लिए अपनी सैध्दांतिक सहमति तुंरत प्रदान कर दी। सार्वजनिक सुविधाओं तथा विकास और निर्माण कार्यों के लिए पिछले करीब दो सप्ताह के भीतर प्रदेश के विभिन्न जिलों के भ्रमण के दौरान 551 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री ने इस माह प्रदेश के बस्तर से लेकर सरगुजा जिले तक दूरस्थ अंचलों का दौरा किया और इन क्षेत्रों में आम जनता की सुविधा की दृष्टि से पेयजल आवर्धन योजनाओं के कार्यों, विद्युत विस्तार के कार्यों, सड़कों और पुल-पुलियों, गरीबों के लिए निर्मित आवासों, सिंचाई सुविधा में विस्तार के कार्यों, अस्पताल और शाला भवनों सहित अनेक सार्वजनिक भवनों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने 02 अप्रैल को रायपुर जिले के विकासखण्ड मुख्यालय भाटापारा में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को बी-1 और खसरे की नि:शुल्क प्रतियां वितरित करने के अभियान और 05 अप्रैल को कवर्धा में आयोजित कुम्भकार समाज के प्रांतीय सम्मेलन में कुम्हारों को विद्युत चाक वितरण योजना का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने नये वित्तीय वर्ष 2008-09 की शुरूआत में इस महीने की पहली तारीख को दुर्ग जिले के ग्राम गुरेदा (विकासखण्ड गुण्डरदेही) में पूरे जिले के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ करते हुए वहां विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 55 करोड़ 57 लाख रूपए के 297 कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने इसी दिन जिला मुख्यालय धमतरी में लगभग 25 करोड़ रूपए की लागत के विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने धमतरी में 17 करोड़ 24 लाख रूपए की लागत वाली जल आवर्धन योजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने वहां 80 लाख रूपए की लागत से सामुदायिक भवन, 60 लाख रूपए की लागत से गरीबों के लिए बनवाये गये अटल आवास, 13 लाख रूपए की लागत से निर्मित मुक्तिधाम और बस स्टेण्ड तथा 10 लाख रूपए की लागत से बने प्रवेश द्वार का लोकार्पण और लगभग पांच करोड़ 52 लाख रूपए की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने 02 अप्रैल को रायपुर जिले के विकासखण्ड मुख्यालय भाटापारा क्षेत्र की जनता को 68 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। यहां मुख्यमंत्री ने 19 करोड़ की लागत से निर्मित नांदघाट-भाटापारा-बलौदाबाजार मार्ग पर रेल्वे ओवर ब्रिज और 26 लाख से निर्मित जनपद पंचायत भवन का लोकार्पण करते हुए क्षेत्र की विभिन्न सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। रायपुर जिले के विकासखण्ड मुख्यालय अभनपुर में भी मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को लगभग एक सौ करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात प्रदान की। अभनपुर के छोटे उरला ग्राम में उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रथम जैविक खाद्य संयंत्र का शिलान्यास किया और एशियन विकास बैंक की सहायता से संचालित छत्तीसगढ़ राज्य सड़क विकास परियोजना के अंतर्गत 58 करोड़ 39 लाख की लागत से अभनपुर-राजिम-गरियाबंद तक 62.33 किलोमीटर पुनर्निर्माण एवं उन्नयन कार्य तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत दस करोड़ 78 लाख रूपए से अधिक राशि से बनने वाली आठ ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने वहां 26 लाख की लागत से निर्मित जनपद पंचायत भवन, 24.80 लाख की लागत से निर्मित उरला जलप्रदाय योजना, 54.88 लाख रूपए की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सहित बालक प्राथमिक शाला में 03 लाख रूपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया और एक करोड़ रूपए की लागत से नगर पंचायत अभनपुर के वार्डों की सड़कों के क्रांकीटीकरण और नाली निर्माण, 40 लाख की लागत से हाट बाजार में सुविधाओं के विस्तार, 25 लाख रूपए की लागत से सामुदायिक भवन, उरला में 19.76 लाख रूपए की लागत से पेयजल लाईन विस्तार और गोंडपारा मिडिल स्कूल में 5 लाख की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया।

उन्होंने बस्तर जिले के 03 और 04 अप्रैल के प्रवास के दौरान चित्रकोट में 1.95 करोड़ की लागत से निर्मित विश्रामगृह, बकावण्ड में 4.94 करोड़ की लागत से बेलगांव-नगरनार मार्ग पर इंद्रावती नदी पर बनने वाले पुल, 45 लाख रूपए की लागत के संयुक्त आश्रमशाला भवन और 25 लाख की लागत के सद्भावना भवन का शिलान्यास किया। जिला मुख्यालय जगदलपुर में उन्होंने विभिन्न सड़कों और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए 25 करोड़ 85 लाख रूपए की लागत के एक दर्जन विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें से उन्होंने 7 करोड़ 16 लाख रूपए की लागत के कार्यों का लोकार्पण और 18 करोड़ 69 हजार रूपए के कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान नगर निगम जगदलपुर के लगभग एक करोड़ रूपए की लागत से निर्मित कार्यालय भवन का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने 05 अप्रैल को कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा में एकीकृत नगर विकास योजना के अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रूपए की लागत के सड़क चौडीकरण एवं सौदर्यीकरण के कार्यों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने बिलासपुर जिले के विकासखण्ड बिल्हा स्थित ग्राम पौंसरा में एक सौ करोड़ रूपए की लागत के 78 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 78 करोड़ की लागत से खारंग सिंचाई जलाशय की दांयी और बांयी तट नहरों के उन्नयन तथा लाइनिंग के कार्य शामिल हैं। उन्होंने ग्राम उरतुमा-मोहरा मार्ग पर खारून नदी पर निर्मित दो पुलों, ग्राम मटियारी, बेलतरा, नेवसा, सीपत, दर्राभाटा और कौड़िया की जलप्रदाय आवर्धन योजनाओं तथा ग्राम खम्हरिया में 33#11 के.व्ही. क्षमता वाले विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 06 अप्रैल को कोरिया जिले के दूरस्थ विकासखण्ड मुख्यालय जनकपुर और सरगुजा जिले के सूरजपुर विकासखण्ड स्थित शिवप्रसाद नगर का सघन दौरा करते हुए वहां लगभग 134 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की सौगात क्षेत्र की जनता को दी। जनकपुर में उन्होंने 59 करोड़ रूपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों और शिवप्रसाद नगर में लगभग 75 करोड़ रूपए की लागत के कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। उन्होंने दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्र को मनेन्द्रगढ़ से जोड़ने वाले मार्ग पर 25 करोड 46 लाख रूपए की लागत से निर्मित 27 पुलों, 2 करोड़ 43 लाख रूपए की लागत के जनकपुर के सौ बिस्तरों वाले शासकीय अस्पताल भवन और लगभग 01 करोड़ की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 75 लाख रूपए की लागत से बनने वाली एक दर्जन सड़कों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही साथ उन्होंने 7 नलजल योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं का निर्माण 01 करोड़ 51 लाख रूपए की लागत से बैरासी, रामगढ़, सिंगरौली, कुंआरपुर, भगवानपुर और भारीसराई में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिवप्रसाद नगर में 14 करोड़ 93 लाख रूपए की लागत से निर्मित दो सड़कों ओड़गी-बिहारपुर और बिहारपुर से नवाटोला का लोकार्पण किया। इन सड़कों का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने वहां 60 करोड़ रूपए की लागत के लगभग 18 कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इनमें 15 सड़कों, 2 पुलों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय और 4 सिंचाई जलाशयों के कार्य शामिल हैं।

डॉ. सिंह ने 09 अप्रैल को अपने प्रवास के दौरान बिलासपुर जिले के मुंगेली में समाज सेवी संस्था भवानी साव, रामलाल साव ट्रस्ट के सहयोग से कृषि अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय का शुभारंभ किया। इस महाविद्यालय के लिए ट्रस्ट द्वारा तीस एकड़ जमीन और 60 लाख रूपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने भी महाविद्यालय के बीज उत्पादन केन्द्र के लिए 25 एकड़ शासकीय भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने 11 अप्रैल को दुर्ग जिले के ननकट्ठी और बालोद विकासखण्ड स्थित ग्राम लिमोरा का दौरा किया। उन्होंने ग्राम लिमोरा में लगभग 40 करोड़ रूपए और ग्राम ननकट्ठी में लगभग पांच करोड़ 50 लाख रूपए की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। ग्राम ननकट्ठी में उन्होंने 3 करोड़ 98 लाख रूपए की लागत से ननकट्ठी-दनियाबोरी मार्ग पर शिवनाथ नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल, 25 लाख रूपए की लागत से ननकट्ठी में बनने वाली पानी टंकी और ग्राम पंचायत रवेलीडीह में गली सीमेंटीकरण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने 4 लाख 34 हजार रूपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन एवं उचित मूल्य दुकान, एक करोड़ 16 लाख रूपए की लागत से निर्मित 33#11 के.व्ही. क्षमता के विद्युत उपकेन्द्र और कन्या प्राथमिक शाला ननकट्ठी में निर्मित चार कमरों का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने 04 अप्रैल को राजधानी रायपुर के नजदीक लभाण्डी में 10 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले छत्तीसगढ़ राज्य ब्रेवरेजेस कार्पोरेशन के मुख्यालय भवन एवं गोदाम का भूमिपूजन और 10 अप्रैल को रायपुर के निकटवर्ती गांव निमोरा में 28 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के नये भवन परिसर का शिलान्यास किया।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.