लोक कलाकारों ने बनायी छत्तीसगढ़ की पहचान
मुख्यमंत्री ने लालबहादुर नगर में रंगारंग लोक मड़ई का शुभारंभ किया
क्षेत्र को मिली 20 करोड़ रूपए से अधिक राशि के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर, 08 फरवरी 2008
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि गरीबों के लिए राज्य शासन द्वारा संचालित तीन रूपए किलो चावल योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस योजना में दलाली अथवा हेराफेरी करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह योजना 34 लाख गरीब परिवारों के लिए खाद्यान्न सुरक्षा की दृष्टि से शुरू की गयी है। यह देश में अपने किस्म की सबसे बड़ी खाद्यान्न सुरक्षा योजना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में रचे-बसे हमारे सहज-सरल लोक कलाकारों ने राज्य की कला और संस्कृति को सुरक्षित रखते हुए देश-विदेश में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान बनायी है।
डॉ. सिंह कल राजनांदगांव जिले के लालबहादुर नगर में दो दिवसीय रंगारंग लोक मड़ई के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्राम्य देवता की पूजा-अर्चना के साथ लोक मडई का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने डोंगरगांव और डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत सड़क एवं शिक्षा तथा सिंचाई सुविधा के कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने लाल बहादुर नगर में 22 लाख 90 हजार रुपये की लागत से निर्मित 10 बिस्तर अस्पताल भवन का लोकार्पण भी डॉ. सिंह ने वहां राशन दुकान में आयोजित चाऊर उत्सव कार्यक्रम में गरीब ग्रामीणों को तीन रुपया किलो में चावल दिये जाने की योजना का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने लोक मड़ई महोत्सव को सम्बोधित करते हुए कहा कि दो दिवसीय इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृध्द लोक कला एवं संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जन समुदाय को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा ऐसे आयोजनों से लोक कला एवं संस्कृति के अभिव्यक्ति का मंच मिलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में यहां की लोक संस्कृति रची बसी है। उन्होंने सुआ, ददरिया, भरथरी, करमा, पंथी, फाग, नाचा को छत्तीसगढ़ की विशेष पहचान बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने इसे बचा कर रखा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्ध्दन में जुटे समस्त कलाकारों को प्रदेश की दो करोड़ जनता की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि वे इस मंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ के सभी लोक कलाकारों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने आगे कहा कि गांव, गरीब और किसानों की हितैषी छत्तीसगढ़ सरकार ने तीन रुपये किलो में चावल और 25 पैसे किलो में नमक देने की बड़ी योजना शुरू की है। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में गरीबों के हित में ऐसी योजना संचालित करने वाली इकलौती सरकार छत्तीसगढ़ की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धान और चावल छत्तीसगढ़ की पहचान है और यह मेहनतकश छत्तीसगढ़ियों की भावना से जुड़ा विषय है। हमारा राज्य धान का कटोरा कहलाता है। यहां कोई व्यक्ति भूखा ना रहे, यह संकल्प लेकर राज्य सरकार ने तीन रुपया किलो चावल देने की योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि इस योजना में चावल की दलाली और इसमें हेराफेरी करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि वे सरकार की योजना का लाभ पात्रता रखने वालों को दिलाये और इस पर सतत निगरानी रखें। मुख्यमंत्री कहा कि प्रदेश सरकार ने विगत चार साल में जनता के लिए किए गए विकास के कार्यों से बीते 40 साल के कार्यों को पीछे छोड़ दिया है। राज्य की तेजी से हो रही प्रगति और यहां हो रहे विकास के कार्यों को देखने के लिए देश और दुनिया के लोग छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने 2 करोड 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नेशनल हाईवे क्रमांक 6 से सीतागोटा सड़क, 59 लाख 67 हजार रुपये की लागत वाली भोथली सड़क, एक करोड़ 3 लाख 14 हजार रुपये की लागत वाली बरनालाकला से चिद्दो सड़क, एक करोड़ 13 लाख 68 हजार रुपये की लागत वाली पनियाजोब-अण्डी सड़क, एक करोड 11 लाख रुपये की लागत वाली जंगलपुर - टोलागांव सड़क, 70 लाख 24 हजार की लागत वाली धुसेरा-जटकन्हार सड़क, एक करोड़ 15 लाख 47 हजार की लागत वाली देवकट्टा-कन्हारगांव सड़क, 2 करोड़ 60 लाख 56 हजार रुपये की लागत वाली अमलीडीह-खपरीसिरदार सड़क, 3 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पिनकापार व्यपवर्तन, एक करोड़ 45 लाख 51 हजार रुपये की लागत वाली डोंगरगढ़-बोरतलाब सड़क चौड़ीकरण कार्य, 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले डोंगरगढ़ जेल रोड से चिद्दो मार्ग तथा 94 लाख 43 हजार रुपये की लागत से बनने वाले लालबहादुर नगर महाविद्यालय भवन का शिलान्यास किया। जिला पंचायत के अध्यक्ष तथा लोक मड़ई कार्यक्रम के संयोजक श्री भरत वर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है । मुख्यमंत्री को भारत अस्मिता श्रेष्ठ प्रतिनिधि अवार्ड मिलने पर उन्होंने जिले की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने देश-दुनिया में छत्तीसगढ़ की माटी का सम्मान बढ़ाया है । मुख्यमंत्री की इस उपलब्धि से समूचा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।
लोक मड़ई के शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री श्री मेघाराम साहू ने की। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री लीलाराम भोजवानी, राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री रजिन्दरपाल सिंह भाटिया, विधायक विनोद खांडेकर, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री रामजी भारती, जिला सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष दुखुराम साहू, जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री सचिन बघेल एवं अन्य अनेक जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे ।
Comments
Post new comment