ग्राम सुराज अभियान मुख्यमंत्री पहुंचे सतलावंड

रायपुर, 21 अप्रैल 2008 मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेशव्यापी दस दिवसीय ग्राम सुराज अभियान के पहले दिन आज बस्तर जिले के बकावंड ब्लाक अन्तर्गत सतलावंड पहुंचकर पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों से रूबरू भेंटकर उनकी समस्याएं सुनी और निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने ग्रामीणों की मांग पर राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजनान्तर्गत 10 लाख रूपए की लागत से नवीन तालाब निर्माण सहित सतलावंड के मगवागुड़ा एवं भकवागुड़ा में एक-एक हैण्डपंप स्थापित करने और दोनों मुहल्ले में विद्युतीकरण किए जाने की स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा सतलावंड के पांच हितग्राहियों को पात्रतानुसार राष्ट्रीय वृध्दावस्था पेंशन प्रदान करने की स्वीकृति दिए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। वहीं सात किसानों के सिंचाई पंपों के लिए एक सप्ताह के भीतर विद्युत कनेक्शन प्रदाय किए जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह प्रदेशव्यापी ग्राम सुराज अभियान के तहत 21 अप्रैल 2008 को सायंकाल अचानक हेलीकाप्टर से जब बस्तर जिले के बकावंड ब्लाक अन्तर्गत सतलावंड पहुंचे, तो ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ रूबरू होकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न, केरोसीन, शक्कर एवं नमक की उपलब्धता सहित मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत चयनित हितग्राहियों को तीन रूपए प्रति किलो की दर से हर माह नियत मात्रा में चावल की सुलभता, रोजगारमूलक कार्यों के संचालन और मजदूरी भुगतान स्थिति, स्कूली बच्चों को मध्यान्ह भोजन की उपलब्धता, आंगनबाड़ी केन्द्र में पूरक पोषण आहार की सुलभता सहित गांव में पेयजल व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने ग्रामीणों से चरणपादुका वितरण के बारे में भी जानकारी ली तो ग्रामीणों ने पहनकर आये चरणपादुका दिखाया। मुख्यमंत्री डॉ. रमनसिंह ने पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीणों को जलसंवर्धन के उपायों को प्राथमिकता देकर ग्रामसभा में कार्ययोजना बनाकर तालाब, डबरी इत्यादि के कार्य कराने सहित सिंचाई साधनों के विस्तार की दिशा में समन्वित पहल करने की समझाईश दी। वहीं खेती-किसानी के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अधिकाधिक पैदावार लेने की समझाईश दी। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर किसानों को एक पखवाड़े के भीतर नि:शुल्क नक्शा-खसरा प्रदान किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें नक्शा, खसरा, बी-वन की नकल पटवारियों से मिल जाती है, जिस पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत मिलने वाले राशन की भी जानकारी ग्रामीणों से ली। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उन्हें समय पर राशन मिल जाता है। इसमें कोई समस्या हम लोगों को नहीं है। हमें राशन उसी तरह मिलता है, जिस तरह सरकारी कर्मचारी को पहली तारीख को तनख्वाह मिलती है। मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में आवश्यक पहल किए जाने की जानकारी ग्रामीणों को दी। गौरतलब है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बस्तर जिला पूरे प्रदेश में ''नम्बर-वन'' है। इस मौके पर प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। ज्ञात हो कि बकावंड ब्लाक के सतलावंड में ग्राम सुराज दल पहुंचने की निर्धारित तिथि 23 अप्रैल 2008 नियत है।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.