रायपुर, 21 अप्रैल 2008 उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी प्रदेश व्यापी ग्राम सुराज अभियान के तहत राज्य शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की वस्तुस्थिति जानने बिलासपुर एवं सरगुजा जिले के विभिन्न गांवों में सघन दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव समाधान करेंगे। अपने भ्रमण के दौरान डॉ. बांधी जनता से मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासपरख योजनाओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी लेंगे।
सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ग्राम सुराज अभियान के तहत 22, 23 एवं 24 अप्रैल को जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत कराए गए विकास कार्यों का सीधे मौके पर जायजा लेंगे। वे अपने भ्रमण के दौरान जिले के ग्रामीणों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण, स्वास्थ्य सुविधाओं, स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था सहित किसानों के लिए सिंचाई के पानी, बीज-खाद आदि की उपलब्धता पर भी चर्चा करेंगे। 25 अप्रैल को प्रात: 11 बजे डॉ. बांधी जहां बिलासपुर जिले के गतौरा में गायत्री शक्ति पीठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं शाम 9 बजे लुतरा शरीफ के उर्स कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। 26 अप्रैल को डॉ. बांधी पुन: सरगुजा जिले में ग्राम सुराज अभियान के तहत विभिन्न गांवों का दौरा करेंगे। वे 28 अप्रैल को बिलासपुर जिले के मस्तुरी विकासखण्ड के ग्राम गुड़ी, ग्राम जांजी, ग्राम बेलटुकरी और ग्राम कोसमडीह में दौरा कर ग्राम सुराज अभियान के माध्यम से जनता से सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने चर्चा करेंगे। 29 अप्रैल को डॉ. बांधी मस्तुरी विकासखण्ड के परसाही, पोड़ी, मोहतरा और अकोला गांवों का भ्रमण करेंगे।
Comments
Post new comment