मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उत्तरी ध्रुव की रोमांचक और साहसिक यात्रा से लौटे छत्तीसगढ़ निवासी श्री रामेन्द्र पाण्डेय ने सौजन्य मुलाकात की। छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुर जिले के बेलगहना निवासी श्री पाण्डेय भारतीय नौ सेना में इंजीनियर हैं एवं वर्तमान में लोनावला (पुणे) में कार्यरत हैं। श्री रामेन्द्र पाण्डेय ने डॉ. रमन सिंह को बताया कि वे नौ अप्रेल को भारतीय नौ सेना के 10 सदस्यीय अभियान दल के साथ वे उत्तरी ध्रुव पहुंचे थे। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने इस साहसिक यात्रा के लिए श्री रामेन्द्र पाण्डेय को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
रायपुर, 12 मई 2008 - श्री पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी टीम ने दुर्गम एवं कठिन परिस्थितियों में लगभग 130 किलोमीटर पैदल यात्रा की जहां का तापमान शून्य से काफी नीचे है और वहां सिर्फ बर्फ ही बर्फ है। उत्तरी ध्रुव में अभी 6 माह का दिन चल रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम 23 मार्च 2008 को हवाई जहाज से नार्वे की राजधानी ओसलो के लिए रवाना हुई। इस अभियान दल में भारतीय नौ सेना के तीन अधिकारी एवं सात नाविक थे। टीम में 3 युवा ऐसे भी थे जो माऊण्ट एवरेस्ट फतह कर चुके हैं। श्री पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे निकट भविष्य में माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा फहराना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए भी उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी।
Comments
Post new comment