अस्पतालों में दान परम जन कल्‍याण

जयपुर, मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने बीकानेर के भामाशाहों का पी.बी.एम. अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें और भवन निर्माण में सहयोग कर जनता की सेवा के कार्य के लिए आभार प्रकट किया है।

श्रीमती राजे सोमवार को पी.बी.एम.एम अस्पताल परिसर के आचार्य तुलसी कैंसर रिसर्च अनुसंधान परिसर में 6.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित लीनियर एक्सीलेटर मशीन एवं 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित भवन के लोकार्पण् पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि इस तरह की मशीनें उपलब्ध करवाने का कार्य किसी की जान बचाने जैसा कार्य ही है। उन्होंने कहा कि मुंबई की तर्ज पर बना यह आधुनिक भवन व मशीन बीकानेर के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज राज्य में अग्रणीय कॉलेजों में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दानदाताओं के जुड़ जाने से इस अस्पताल में विकास कार्यों के साथ साथ स्थानीय लोगों का मानसिक जुड़ाव भी होगा जिसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे। सहभागिता योजना से अस्पताल में और विकास कार्य करवाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि यहां के चिकित्सकों को चाहिए कि स्थानीय ऊंट अनुसंधान केन्द्र के साथ मिलकर मधुमेह जैसी बीमारी के इलाज के लिए शोध कार्य करें। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि आपका कार्य इस अस्पताल को जीवन रक्षक बनने में अव्वल स्थान तक ले जा सकता है।

श्रीमती राजे ने इस अवसर पर अस्पताल विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले दस दानदाताओं का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। सम्मानित होने वालों में श्री दूलीचंद चौपड़ा, श्री भंवर लाल डागा, श्री प्रशांत कुमार रामपुरिया, श्री शिव रतन अग्रवाल, श्री हुक्म चंद बोथरा, श्री हुक्मचंद सेठिया, श्री रतन लाल मालू, श्री राकेश जैन, श्री मुनी लाल रांका व श्री ज्ञान चंद कोठारी शामिल थे।

कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री नरपत सिंह राजवीं ने कहा कि दानदाताओं को उनकी शक्ति का अहसास करवाने की जरूरत है, फिर वे किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पी.बी.एम. अस्पताल में न्यूरो कार्डियोलॉजी में भी दानदाता सहयोग करें तो सहभागिता योजना में मुख्यमंत्री से बातचीत कर राज्य सरकार की ओर से नियमानुसार धनराशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पी.बी.एम.अस्पताल में स्टॉफ की कमी को दूर किया जाएगा।

इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. डी.पी. पूनिया ने पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। आचार्य तुलसी शांति प्रतिष्ठान के श्री जेठमल बोथरा ने अतिथियों का स्वागत किया तथा अस्पताल के विकास में आगे भी सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सार्वजनिक निर्माण मंत्री श्री राजेन्द्र राठौड़, चिकित्सा, शिक्षा सचिव डा. गोविंद शर्मा उपस्थित थे।

Average rating
(0 votes)

Comments

Post new comment

The content of this field is kept private and will not be shown publicly.